औरैया। नारायनपुर मोहल्ले में हनुमान मंदिर पर रविवार को अधिवक्ता मंजुल चौबे व उनकी चचेरी बहन सुधा की हत्या के मामले में पुलिस अज्ञात हत्यारोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले में अभी तक एमएलसी कमलेश पाठक समेत नौ लोगों को जेल भेज चुकी है। शेष बचे अज्ञात हत्यारोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपी पकड़े जाएंगे।
इस दोहरे हत्याकांड में मृतक सुधा के भाई आशीष की तहरीर पर पुलिस ने एमएलसी कमलेश पाठक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष पाठक, रामू पाठक, कथावाचक राजेश शुक्ला, लवकुश उर्फ छोटू ड्राइवर, कुलदीप अवस्थी, विकल्प अवस्थी, सरकारी गनर अवनीश प्रताप सिंह तथा तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। इसके अलावा पुलिस टीम पर हमला किए जाने के मामले में 15 अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस नामजद नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी है। इसके लिए पुलिस मौके पर वायरल किए गए वीडियो व फोटो से अज्ञात लोगों को चिंह्ति कर कर रही है। इस संबंध में सीओ सिटी सुरेंद्र नाथ यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
इसके लिए वीडियो, फोटो के अलावा मौके पर मिली चार पहिया तीन गाड़ियों व व पांच दो पहिया वाहनों के माध्यम से आरोपियों की पहचान की जा रही है। अब तक तीन अज्ञात लोगों की पहचान की जा चुकी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें रवाना हो गईं हैं। जल्द ही सभी पकड़े जाएंगे।