औरैया। 25 हजार के इनामी जिला बदर, गैंगस्टर सपा नेता धर्मेंद्र की गिरफ्तारी के लिए दूसरे दिन भी कचहरी परिसर में पुलिस मुस्तैद रही लेकिन धर्मेंद्र सरेंडर करने नहीं पहुंचा।
सपा युवजन सभा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र यादव को डीएम ने पंचायत चुुनाव के समय जिला बदर कर दिया था। उसके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई भी की गई थी। पुलिस ने उसे जेल भेजा था। हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर जेल से रिहा हुए धर्मेंद्र ने 200 गाड़ियों के काफिले के साथ इटावा में जुलूस निकाला था। इस मामले में उसके खिलाफ इटावा के सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज है। जुलूस में जिले के लोग व गाड़ियां भी शामिल हुईं थीं।
पुलिस को सूचना मिली हे कि धर्मेंद्र यादव औरैया न्यायालय में सरेंडर कर सकता है। धर्मेंद्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस सतर्क हो गई है। सोमवार को पुलिस व पीएसी न्यायालय परिसर में मुस्तैद रही। मंगलवार को एएसपी शिष्यपाल, सीओ सिटी सुरेंद्रनाथ यादव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार पांडेय के अलावा फफूंद, अयाना, दिबियापुर थानों की पुलिस के साथ सुबह से ही न्यायालय परिसर में डटे रहे लेकिन धर्मेंद्र वहां नहीं पहुंचा।
कोरोना के कारण सरेंडर करने पर है रोक
कोरोना महामारी के कारण जिला न्यायालय में किसी आरोपी के सरेंडर करने की अनुमति नहीं है। इसके बाद भी पुलिस दो दिन से आरोपी धर्मेंद्र यादव की सरेंडर से पहले गिरफ्तारी के लिए न्यायालय परिसर में पहरा दे रही है। सवाल उठता है कि क्या पुलिस को न्यायालय के आदेश की जानकारी नहीं है।