इंस्पेक्टर बिधूना सुधीर सिंह के साथ पकड़े गए लूट के अपराधी।
- फोटो : amarujala
एरवाकटरा-कुदरकोट मार्ग पर दिबियापुर, अछल्दा पुलिस व एसटीएफ टीम ने दलीपपुर मोड़ के पास मुठभेड़ में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। इन्हें जेल भेज दिया गया। मौके से एक अपराधी भाग गया। पकड़े गए अपराधियों से दो तमंचा व कारतूस के अलावा लगभग 13 हजार रुपये बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने दो दिन पहले एक बुजुर्ग महिला का रुपयों भरा थैला लूट लिया था।
मंगलवार/बुधवार रात दिबियापुर व अछल्दा थाना पुलिस के अलावा एसटीएफ पुलिस ने कुदरकोट क्षेत्र में एटीएम तोड़कर लूट की घटना को अंजाम देने की साजिश रच रहे दो शातिर लुटेरों को दलीपपुर मोड़ पर मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। इनका एक साथी भाग गया। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, कारतूस, लूटी गई बाइक व 12 हजार 750 रुपये बरामद किए हैं। एसपी त्रिवेणी सिंह ने बताया कि बुधवार की देर शाम बताया कि पकड़े गए अपराधियों ने अपने नाम कुनाल सिंह उर्फ गोपाल सिंह निवासी चिरौली थाना बेला व पवन चतुर्वेदी निवासी भाऊ बुजुर्ग जिला कन्नौज बताए हैं। इनका साथी लालू निवासी बेला भागने में सफल रहा। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बुधवार की रात कुदरकोट क्षेत्र में एटीएम तोड़ने व औरैया में कैश वैन लूटने की रेकी की जानकारी दी है। यह अपराधी कई दिनों से एटीएम की कैश वैन लूटने की फिराक में थे। जिले भर में बैंकों की चेकिंग के दौरान पुलिस बल को सतर्क देख यह घटना को अंजाम नहीं दे पाए थे।
इन्हीं अपराधियों ने 20 नवंबर को अछल्दा क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के हाथ से रुपयों भरा थैला छीनकर भागने की घटना को अंजाम दिया था। पीड़ित महिला ने पकड़े गए अपराधियों की पहचान की है। एसपी ने बताया कि इनकी आपराधिक गतिविधियों की सूचना प्रभारी निरीक्षक बिधूना को मिली थी। उन्होंने अछल्दा थाना प्रभारी व बिधूना क्षेत्र में मौजूद एसटीएफ की टीम से समन्वय स्थापित कर अपराधियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। इन्हें पकड़ने के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थीं। मुठभेड़ के दौरान कुनाल सिंह ने पुलिस बल पर फायरिंग की। पवन चतुर्वेदी बाइक चला रहा था। फरार हुआ तीसरा अपराधी लालू बाइक पर पीछे बैठा था।
घटना का पर्दाफाश करने वाली एसटीएफ कानपुर टीम में निरीक्षक प्रमोद वर्मा, निरीक्षक आनंद प्रकाश, उप निरीक्षक सत्य प्रकाश, कांस्टेबल सुनील, बिधूना पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक इंस्पेक्टर सुधीर कुमार सिंह, उप निरीक्षक अंकित शर्मा, कांस्टेबल सतेंद्र धाकरे, कांस्टेबल रीतेश कुमार, अछल्दा पुलिस टीम में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शशांक राजपूत, कांस्टेबल धर्मेंद्र सिंह शामिल रहे।