औरैया। तहसीलदार के वाहन की टक्कर से मंगलवार की शाम को 12 साल के बालक सनी की मौत हो गई थी। इधर, बालक के पिता ने तहसीलदार बिधूना जितेश वर्मा के वाहन चालक के खिलाफ घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हालांकि चौंकाने वाली बात यह रही कि रिपोर्ट में पुलिस ने चालक को अज्ञात रखा गया है। पुलिस व प्रशासन चालक को हिरासत में लेने की बात कह रही है। इसे लेकर क्षेत्रीय लोगों में चर्चा है कि तहसीलदार का वाहन चालक कौन है, यह पुलिस को पता होगा, इसके बाद भी पुलिस ने उसे अज्ञात रखा।
उधर, बुधवार सुबह 11 बजे सीओ सदर एमपी सिंह, सीओ बिधूना भरत पासवान सहित कई थानों की पुलिस की मौजूदगी में सनी (12) का पोस्टमार्टम करवाया गया। 11 बजकर 30 मिनट पर परिजन शव लेकर गांव हरि का पुर्वा के लिए निकले। दोपहर 12 बजे शव गांव पहुंचने पर परिजन रोने लगे। बालक के पिता रंजीत कुमार, मां रूबी, बहन भूमिका बेसुध हो गईं।
मां बार-बार कह रही थी कि उनकी आंखों के सामने उनका लाल चला गया, अब वह जीवित रहकर क्या करेगी। इकलौते बेटे का शव देख माता-पिता बेसुध हो गए। परिजनों ने दोपहर में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, परिजनों ने दोपहर दो बजे के करीब औरैया के शेरगढ़ स्थित यमुना घाट पर सनी का अंतिम संस्कार किया।
बता दें कि मंगलवार शाम को सनी अपनी बहन भूमिका व मां रूबी के साथ ककोर बुजुर्ग में राशन डीलर के यहां राशन लेने गया था। वहां सड़क पार करने के दौरान बिधूना तहसीलदार के वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई थी। गुस्साए परिजन ने जाम लगाने का प्रयास किया था मगर अधिकारियों ने उन्हें शांत करवाया।
इस मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक आलोक पांडेय ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर दिबियापुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तहसीलदार के वाहन की 2017 से नहीं हुई फिटनेस
औरैया। जिले में सड़कों पर फर्राटा भरते अनफिट वाहन हादसों का कारण बन रहे हैं। मंगलवार को बिधूना तहसीलदार के वाहन की टक्कर से एक छात्र की जान चली गई।
एआरटीओ ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन की जांच की तो पता चला कि 2017 के बाद तहसीलदार के वाहन की फिटनेस नहीं कराई गई। गाड़ी का प्रदूषण प्रमाण पत्र भी नहीं मिला।
मंगलवार को बिधूना तहसीलदार जीतेश वर्मा सरकारी वाहन यूपी 79 जी 0147 से ककोर मुख्यालय में बैठक में शामिल होने जा रहे थे। दिबियापुर-ककोर मार्ग पर उनके वाहन की टक्कर से घायल दिबियापुर के हरि का पुरवा निवासी सनी (12) पुत्र रंजीत की मौत हो गई।
इस घटना में पुलिस के अलावा परिवहन विभाग ने भी अपनी नजर दौड़ाई है। एआरटीओ सुदेश तिवारी ने बताया कि तहसीलदार के वाहन की 2017 से फिटनेस नहीं हुई है। न ही प्रदूषण की जांच हुई है।