औरैया। मंगलवार को कचहरी पहुंचे एक व्यक्ति को कोर्ट सुरक्षा कर्मचारियों ने चेकिंग के दौरान बैग में तमंचा निकलने पर दबोच लिया। साथ ही सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
कचहरी में मंगलवार दोपहर उस समय खलबली मच गई, जब न्यायालय परिसर में अंदर जाने के दौरान बैग टांग कर गेट नंबर दो पर पहुंचे एक युवक को वहां मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों ने रोका। सुरक्षा कर्मचारियों ने युवक के पास मौजूद बैग लेकर उसकी चेकिंग की तो बैग में तमंचा रखा देख मौजूद सुरक्षा कर्मचारियों ने युवक को हिरासत में ले लिया।
इसकी जानकारी फैलते ही काफी संख्या में अधिवक्ता मौके पर पहुंच गए। इस बीच न्यायालय सुरक्षा कर्मचारियों ने कोतवाली पुलिस को फोन से सूचना दी। कचहरी परिसर में हिरासत में मौजूद युवक ने पूछताछ में अपना नाम लाला निवासी सांफर बताया। पकड़े गए युवक ने बताया कि गलती से उसके बैग में तमंचा आ गया।
हिरासत में मौजूद आरोपी से अभी तक मिली जानकारी में यह पता चला है कि वह गुजरात में रहकर नौकरी करता है। औरैया कोर्ट मैरिज करने के सिलसिले में वकील से मिलने आया था। अभी उससे पूछताछ की जा रही है। आरोपी के पास मिले आधार कार्ड में अवनीश कुमार पुत्र कैलाश निवासी सांफर लिखा हुआ है। - भूपेंद्र राठी, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक