औरैया। सदर कोतवाली के गांव द्वारिकापुर अनेपुर में चल रहे कुसुम-सी प्लांट के निर्माण कार्य में एक आरोपी पर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है।
इसमें रंगदारी न देने पर निर्माण कार्य रोकने, पोल तोड़ने और मजदूरों को पीटने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंपनी के सीनियर मैनेजर की तहरीर पर पुलिस ने मामला किया है।
कंपनी के सीनियर मैनेजर हिमांशु तिवारी ने पुलिस को बताया कि उनकी कंपनी की तरफ से क्षेत्र में कुसुम-सी प्लांट का निर्माण कराया जा रहा है। ट्रांसमिशन लाइन का काम साईं इलेक्ट्रिकल्स की तरफ से किया जा रहा है। आरोप है कि गांव खरका निवासी सोनू अवस्थी पिछले कई महीनों से कार्य में बाधा डाल रहा है।
मंगलवार दोपहर करीब करीब तीन बजे सोनू ने मौके पर पहुंचकर काम रुकवा दिया। वहां लगे सात पोल तोड़ दिए। बताया जा रहा है कि आरोपी इससे पहले भी चार पोल नष्ट कर चुका है, जिससे कंपनी को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। मैनेजर का आरोप है कि सोनू अवस्थी ने पांच लाख रुपये की मांग की थी। रुपये न देने पर उसने धमकी दी है कि प्लांट नहीं चलने देगा।
मंगलवार को आरोपी ने साइट पर मौजूद मजदूरों पिंटू, मोहित और सत्येंद्र कुमार पांडेय के साथ गाली-गलौज की और पीट दिया। घटना के बाद से साइट पर काम कर रहे कर्मचारियों और मजदूरों में दहशत है। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि मैनेजर की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।