फोटो-38- प्लाटिंग को ध्वस्त करता बुलडोजर। स्रोत:एसडीएम
औरैया। बिना परमीशन के प्लॉट काटकर कारोबारी अपने व्यवसाय को धार दे रहे हैं। उनकी यह करामात अब भारी पड़ने लगी है।
मंगलवार को सदर एसडीएम के नेतृत्व में फफूंद-अछल्दा रोड किनारे फतेहपुर बेनी के पास एक ऐसी ही छह एकड़ जमीन पर काटी गई प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। कुछ लोगों ने इस दौरान कार्रवाई का विरोध भी किया, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी के चलते उन्हें शांत करा दिया गया।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुभाष चंद्र व फफूंद थाना पुलिस के साथ सदर एसडीएम अजय आनंद वर्मा गांव फतेहपुर बेनी पहुंचे। यहां पर राजस्व कर्मियों के द्वारा गाटा संख्या 353, 354, 355, 359, 360, 361, 384 की पैमाइश की गई। यहां पर इन गाटों की करीब छह एकड़ जमीन पर गोविंदनगर नाम से अवैध प्लॉटिंग पाई गई। फफूंद पुलिस की मौजूदगी में इस प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कराया गया।
जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी सुभाष चंद्र के साथ ही इस दौरान नगर पंचायत फफूंद का स्टाफ भी मौजूद रहा। कुछ लोगों ने अतिक्रमण हटाते समय काफी विरोध किया। जिसे एसडीएम के निर्देश पर शांत करा दिया गया। एसडीएम अजय आनंद वर्मा ने बताया कि छह एकड़ जमीन पर की गई अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कराया गया है।
पूर्व में प्लॉटिंग करने वालों को नियमानुसार नोटिस भी दी गई थी, लेकिन उनके द्वारा कोई भी जवाब नहीं दिया गया। प्लॉटिंग को वैध कराने के लिए कोई भी कार्यवाही नहीं की गई।