दिबियापुर (औरैया)। फफूंद रेलवे स्टेशन पर उस समय यात्रियों में हड़कंप मच गया। जब अप कालका मेल को मेन लाइन पर रोक दिया गया। उतरने वाले यात्रियों को प्लेटफार्म नहीं मिला। वहीं चढ़ने वाले यात्रियों को प्लेटफार्म पर खड़ी मालगाड़ी को फांदकर मेन लाइन पर पहुंचना पड़ा। पीछे आ रही महानंदा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे यात्रियों के हंगामे के बाद स्टेशन अधीक्षक ने टूंडला कंट्रोलर से बात कर प्लेटफार्म संख्या 3 पर खड़ी मालगाड़ी को आगे बढ़वाया। तब महानंदा एक्सप्रेस को प्लेटफार्म मिल सका।
यात्रियों ने बताया कि दोपहर में लगभग तीन बजे प्लेटफार्म संख्या 3 एवं 4 पर मालगाड़ी खड़ी थी। इस बीच दिल्ली जाने वाली कालका मेल अब मेन लाइन पर रुक ने की जानकारी दी गई। प्लेटफार्म पर मालगाड़ी खड़ी होने के कारण मेन लाइन तक पहुंचना आसान नहीं था। कई यात्री मालगाड़ी के वैगनों के बीच की जगह से मेन लाइन पर पहुंचे। वहीं कुछ यात्री फुट ओवरब्रिज के माध्यम से प्लेटफार्म संख्या 2 से होते हुए मेन लाइन पर पहुंचे। हड़बड़ाहट में कालका एक्सप्रेस में चढ़ने की जल्दबाजी में एक दो यात्री गिरकर चुटहिल भी हुए। कालका से उतरने वाले यात्री भी कोचों के दोनों ओर प्लेटफार्म न पाकर हड़बड़ा गए। प्लेटफार्म 3-4 पर दिल्ली जाने के लिए महानंदा एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे यात्रियों को जानकारी मिली कि महानंदा एक्सप्रेस को भी बिना प्लेटफार्म के मेन लाइन पर रोका जाएगा। इस पर काफी संख्या में यात्रियों ने उप स्टेशन अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया। बाद में स्टेशन अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। स्टेशन अधीक्षक अर्जुन सिंह के अनुसार टूंडला कंट्रोलर से बात कर प्लेटफार्म संख्या 3 पर खड़ी मालगाड़ी को हटवा दिया गया। इसके बाद में यहां पहुंची महानंदा एक्सप्रेस को प्लेटफार्म संख्या 3 पर रोका गया।
यात्री अनुज अवस्थी ने बताया कि रविवार की रात में अप ऊंचाहार एक्सप्रेस को भी मेन लाइन पर रोक दिया गया था। प्लेटफार्म 3 पर मालगाड़ी एवं प्लेटफार्म 4 पर कानपुर फफूंद पैसेंजर खड़ी थी। इससे यात्री परेशान हुए थे। यात्रियों ने मांग की कि यात्री ट्रेनों को प्लेटफार्म पर ही रोका जाए। ताकि बुजुर्गों, महिलाओं को कोई परेशानी न हो। मेन लाइन पर ट्रेनों के रुकने से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।