तेज धूप और गर्म हवाएं मुसीबत बनती जा रही हैं। आगामी दिनों में लू और तेज होने के आसार बन रहे हैं। मौसम को देखते हुए वैज्ञानिकों ने सात और और नौ अप्रैल को गर्मी और तेज होने का अनुमान है। डाक्टरों ने ऐसे मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश राय ने बताया कि अभी उत्तर पश्चिमी हवाओं का जोर चल रहा है। जिसमें हवा में कुछ नमी है। छह अप्रैल की शाम से हवा की दिशा बदलनी शुरू हो जाएगी। हवा की दिशा उत्तर से बदल कर दक्षिणी हो जाएगी। इसी प्रकार नौ अप्रैल को दक्षिणी पश्चिमी हवाओं का जोर होने के कारण गर्म हवाएं और तेज गर्मी रहेगी। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ डा. अरुण तिवारी ने गर्मी और लू से बचने का सुझाव दिया है।
लू से ऐसे करें बचाव
- खाली पेट घर से बाहर न निकलें।
- सिर पर अंगौछा व और कपड़ा बांधकर ही निकलें।
- शरीर को ढककर रखें।
- आधी बांह के कपड़े पहनने से बचें।
- बासी भोजन न करें, सफाई का ध्यान रखें।
- बच्चों और वृद्धों की इन दिनों विशेष देखभाल करें।
- खाने में प्याज का अधिक सेवन करें।
तारीख ताप.अधि. ताप.न्यू. आर्द्रता अधि. आर्र्दता न्यू.
05 36.5 20.1 46 45
06 35.5 18.7 42 38
07 32.1 20.9 39 33
08 35.2 16.5 79 43
09 36.5 17.6 36 35
लू और उमस ने किया बेहाल
लू और उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। दोपहर एक बजे शहर की गलियों और सड़कों पर सन्नाटा दिखाई देने लगा है। दोपहर को चली गर्म हवाओं से राहगीरों सेे लेकर दुकानों में बैठे लोग तक परेशान दिखे। उमस भरी गर्मी से बचने के लिए लोग सिर पर अगौछा बांध सड़कों पर निकले। वहीं इस गर्मी में स्कूल खुले होने से बच्चों को परेशानी हो रही है। चंद्रशेखर आजाद कृषि विवि के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डा.सीवी सिंह ने बताया कि मौसम में लगातार नमी का प्रतिशत घटने से गर्म हवा जोर पकड़ रही है। उत्तरी हवाओं के कारण मौसम में हल्की चिपचिपाहट भी है। फिलहाल मौसम गर्म रहेगा।