औरैया। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है। अस्पतालों में अग्निशमन, विनियमित क्षेत्र और बिजली विभाग की एनओसी नहीं है। ऐसे में मानकों पूरा न करने वाले अस्पतालों में आना खतरे से खाली नहीं है। इसके बाद भी यह विभाग के रहमोकरम पर संचालित हो रहे हैं। अब सवाल यह है कि जब इनके मानक पूरे नहीं तो इनके संचालन का लाइसेंस कैसे दिया गया। लखनऊ के होटल में हुए अग्निकांड के बाद शासन सख्त हुआ तो सीएमओ, सीएफओ व जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ 28 हॉस्पिटल/नर्सिंग होम पंजीकृत हैं, पर संचालन 100 से अधिक अस्पतालों का हो रहा है। विभाग ने जिन अस्पतालों को लोगों के इलाज का जिम्मा सौंपा उनके मानक नहीं परखे। डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ तो दूर लाइसेंस के लिए जिन मानकों को सबसे ज्यादा अहम माना गया वह तक पूरे नहीं है।
शहर के गुलाब सिंह अस्पताल को छोड़ कर किसी के पास न तो फायर विभाग की एनओसी है, और न ही विनियमित क्षेत्र से नक्शा स्वीकृत है। इतना ही नहीं विद्युत सुरक्षा विभाग से भी एनओसी नहीं ली गई है। अब मामला बढ़ा तो सभी जिम्मेदार अपनी बचाने के लिए कागजी खानापूरी करते हुए नोटिस भेज रहे हैं।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने कहा कि पंजीकृत अस्पतालों को नोटिस जारी कर सभी मानक पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि एक सप्ताह में मानक पूरे नहीं हुए तो लाइसेंस निरस्त करने के साथ अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए टीम गठित कर निरीक्षण भी कराया जाएगा।
विभागीय आंकड़ा
हॉस्पिटल-28
पैथोलॉजी-22
क्लीनिक-15
14 अस्पताल, नौ होटलों को नोटिस जारी
जिला प्रशासन और शासन की सख्ती के बाद होटल और अस्पतालों के मानकों की पोल खुल रही है। जिन्होंने अग्निशमन से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं लिया, उन्हें नोटिस जारी की गई है। अग्निशमन द्वितीय अधिकारी अतुल त्रिपाठी ने बताया कि पार्वती आर्थो न्यूरो एंड फिजियोथेरेपी सेंटर, राधाकृष्णा हास्पिटल बिधूना, द केयर हास्पिटल बिधूना, वीना हास्पिटल बिधूना, चीनू हास्पिटल बिधूनी, ब्रज हास्पिटल बिधूना, नवजीवन हास्पिटल बेला, मां हास्पिटल बेला, साथी हास्पिटल बेला, प्राची नर्सिंग होम अजीतमल, प्राचीन नर्सिंग होम, मैक्स प्लस हास्पिटल औरैया, रुचि हास्पिटल औरैया, रामश्याम मेमोरियल हास्पिटल औरैया, साईं कृपा हास्पिटल औरैया व होटल एवरग्रीन जालौन रोड औरैया, होटल डायमंड जालौन रोड होटल, होटल पैराडाइज औरैया, होटल सिटी सेंटर दिबियापुर, होटल रेनबो जालौन रोड औरैया, होटल सिटी सेंटर दिबियापुर, होटल बांके बिहारी इटावा रोड औरैया, नारायण पैलेस इटावा रोड औरैया, होटल साईं पैलेस जालौन रोड औरैया को नोटिस जारी की गई है।