दिबियापुर (औरैया)। कृष्णानगर निवासी मौसी व भांजे के कोरोना संक्रमित होने के बाद दिबियापुर में कृष्णा नगर कालोनी को हॉटस्पॉट घोषित कर दिया गया। इसके साथ फफूंद-दिबियापुर प्रमुख मार्ग समेत इस मार्ग पर पड़ने वाली गलियों के निकास पर बल्ली लगाकर सील किया गया हैं। डीएम, एसपी, सीओ समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
कृष्णा नगर निवासी महिला एवं उसके बेटे के कोरोना संक्रमित होने की रिपोर्ट आने के बाद हड़कंप मच गया। उच्चाधिकारियों के आदेश पर मंगलवार को सुबह सीओ सुरेंद्र नाथ, दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला, एनटीपीसी चौकी इंचार्ज मोहम्मद शाकिर ने जमुहां के प्रधान के पति मेघनाद यादव एवं पंचायत कर्मियों की मदद से हॉटस्पाट बने क्षेत्र के फफूंद-दिबियापुर प्रमुख सड़क मार्ग को फफूंद चौराहा एवं एनटीपीसी संयंत्र मुख्य गेट के बीच में सील कर दिया। इस मार्ग पर सभी गलियों को बल्ली लगाकर बंद कर दिया गया है। दिबियापुर थाने के इंस्पेक्टर विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि लोगों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
इनसेट
जमुहां के 10 हजार लोगों पर पाबंदी
दिबियापुर (औरैया)। एडीएम औरैया रेखा एस चौहान के अनुसार हॉटस्पाट बने कृष्णा नगर के आसपास 3 किलोमीटर को कंटेनमेंट जोन एवं 2 किलोमीटर बफर जोन घोषित किया है। इस आदेश के बाद दिबियापुर से सटी ग्राम पंचायत जमुहां के झाबरपुर्वा, कृष्णानगर, बहादुर पुर्वा, एनटीपीसी, न्यू कृष्णानगर, नई बस्ती इंदिरानगर, भट्टा बस्ती के लगभग 10 हजार निवासियों को घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी गई है। जमुहां ग्राम पंचायत के घेरा रोड, जमुहां गांव रोड, टीचर कालोनी कृष्णा नगर, एनटीपीसी कालोनी के पड़ोस में, झाबर का पुर्वा रोड, बहादुर पुर्वा रोड, एनटीपीसी चौकी के सामने न्यू कृष्णा नगर रोड समेत 9 गलियां एवं सड़कें सील कर दी गईं। कोरोना संक्रमित मां-बेटे के घर वाली गली में लगभग 14 घर हैं। इन पर विशेष निगरानी है।
---------
इनसेट
दुकानें नहीं खुलेंगीं, केवल होगी होम डिलीवरी
दिबियापुर (औरैया)। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह एवं एसपी सुनीति ने दिबियापुर में हॉटस्पाट घोषित क्षेत्र का निरीक्षण किया। यहां के निवासियों से घर से बाहर न निकलने के लिए कहा। साथ ही अधीनस्थों को निर्देशित किया कि चिहिन्त दुकानदार केवल होम डिलीवरी करेंगे। सब्जी और फल के लिए भी विक्रेता होम डिलीवरी करेंगे। इसके साथ दिबियापुर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मोनिका उमराव को बुलाकर क्षेत्र में सैनिटाइज प्रक्रिया कराने के निर्देश दिए। औरैया से पहुंची दमकल की गाड़ी के माध्यम से क्षेत्र में सैनिटाइज का कार्य तेजी के साथ शुरू हुआ।
--------
दिबियापुर एवं जमुहां में घर-घर थर्मल स्क्रीनिंग
दिबियापुर (औरैया)। रेडजोन घोषित होने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग की 250 टीमें दिबियापुर नगर क्षेत्र एवं जमुहां ग्राम पंचायत में घर-घर जाकर थर्मल स्क्रीनिंग करेंगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव ने बताया कि सभी टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।