अयाना। जसवंतपुर स्थित पेट्रोल पंप पर शनिवार रात चार लोगों ने कर्मचारी को बातों में फंसाकर 2450 रुपये हड़प लिए। उलाहना देने पर उसे पीट दिया। जेब में पड़े 17800 रुपये भी लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट व धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। रोशंगपुर निवासी योगेंद्र प्रसाद ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि शनिवार रात जसवंतपुर निवासी अंशु कुमार पेट्रोल पंप पर आया था। आरोप लगाया कि उसने फर्जी तरीके से पेट्रोल पंप के खाते में 2500 रुपये डाले। इसके बाद 50 रुपये का पेट्रोल व 2450 रुपये नकद लेकर चला गया। खाते का विवरण चेक करने पर पता चला कि रुपये नहीं आए हैं।
इसपर अंशु के घर जाकर रुपये न आने की जानकारी देकर वापस लौट आया। कुछ देर बाद अंशु, उसके पिता संतोष कुमार, भाई अनुज कुमार व एक अज्ञात युवक पेट्रोल पंप आकर गाली- गलौज कर पीटने लगे। आरोप लगाया कि आरोपी उसकी जेब में पड़े पेट्रोल बिक्री के 17800 रुपये भी लूट ले गए। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।