औरैया। प्रदेश स्तर से जिलाधिकारियों को शराब के ठेके खुलवाने के आदेश का जिले में असर नहीं दिखा। सभी ठेके बंद रहे। यह देखकर शराब के शौकीनों ने सीमावर्ती जिलों तक दौड़ लगा दी। ठेकों पर लंबी-लंबी लाइनें दिखीं।
जिले की सीमा से जुड़े कानपुर देहात, जालौन, इटावा, कन्नौज, फर्रुखाबाद में जहां शराब ठेका खुलते ही सुबह से ही लाइनें लग गईं। वहीं औरैया जिले में डीएम ने शराब की दुकानें खोलने को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किए। इसके कारण शराब के ठेके बंद रहे। शौकीनों को आसपास के जिलों में शराब की दुकानों के खुलने की जानकारी हुई, तो उन्होंने दौड़ लगा दी।
वाहनों में शराब की पेटियां भरकर ले आए। जिले के शराब कारोबारियों में ऊहापोह रहा। शराब की दुकानें कब खुलेंगी, इसकी जानकारी करने के लिए आबकारी विभाग के अधिकारियों के फोन देर शाम तक घनघनाते नजर आए। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से जब तक आदेश नहीं होगा, शराब की दुकानें नहीं खुलेंगी।
कई दिनों का स्टॉक खरीदा
कंचौसी। कंचौसी से जुड़ी कानपुर देहात की सीमा पर बुधवार को शराब की दुकानों के खुलते ही खरीदारों की लाइन लग गई। इस दौरान कहीं सामाजिक दूरी नहीं दिखी। पुलिस को कई बार लाठियां भी पटकनी पड़ीं। कंचौसी का आधा हिस्सा कानपुर देहात जिले में तो आधा हिस्सा औरैया में है। देहात सीमा में पड़ने वाले ठेके खुले रहे। शौकीनों ने कई दिनों का स्टॉक खरीद लिया। (संवाद)