जल्द ही दिबियापुर में पेयजल की किल्लत समाप्त हो जाएगी। पेयजलापूर्ति सुदृढ़ करने के लिए नगर पंचायत परिसर में नया ट्यूबवैल लगना प्रारंभ हो गया है। अधिशासी अधिकारी महेश चंद्र उपाध्याय का कहना है कि इसके लगने के बाद दिन में कम से कम तीन घंटे पेयजलापूर्ति लोगों तक पहुंचेगी।
नगर पंचायत दिबियापुर में पानी की टंकी भरने को दो ट्यूबवैल लगे हुए हैं। परंतु एक ट्यूबवैल खराब हो जाने के कारण लोगों को कम पेयजलापूर्ति मिल पाती है।
बमुश्किल सुबह एवं शाम आधा घंटे ही पेयजलापूर्ति मिल पाती है। इसके लिए नया ट्यूबवैल लगवाने के लिए काफी अरसे से नगर पंचायत द्वारा प्रयास किए जा रहे थे।
जलनिगम के सहयोग से नगर पंचायत परिसर में ही नया ट्यूबवैल लगवाया जा रहा है। जल्द ही इस ट्यूबवैल के प्रारंभ होने के बाद दिबियापुर में पेयजल की किल्लत नहीं रहेगी।