अजीतमल सीएचसी में बूस्टर डोज लगवातीं सदर विधायक गुडिय़ा कठेरिया। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मुफ्त में बूस्टर डोज लगवाने के महाअभियान का शुभारंभ सदर विधायक व सीएमओ ने रविवार को अजीतमल सीएचसी में किया। यह अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। अभियान के तहत रविवार शाम छह बजे तक 13,743 लोगों को डोज लगाई जा चुकी थी।
अजीतमल सीएचसी में रविवार सुबह सदर विधायक गुड़िया कठेरिया, सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव, एसीएमओ डॉ. शिशिर पुरी व जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राकेश सचान पहुंचे। मुफ्त बूस्टर डोज लगाने के लिए महाभियान का शुभारंभ सदर विधायक ने फीता काटकर किया। फिर उन्होंने खुद कोरोना से बचाव के लिए बूस्टर डोज लगवाई। इसके साथ ही मौजूद कार्यकर्ता व लोगों से कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण कराने की अपील की।
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि 15 जुलाई से 75 दिनों तक जिले के 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को फ्री में बूस्टर डोज लगाई जा रही हैं। शासन के निर्देश पर रविवार को जिला अस्पताल, सीएचसी व पीएचसी में बने कोविड टीकाकरण केंद्रों पर मेगा कैंप लगाया गया। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि कोविड संक्रमण से बचाव के लिए बूस्टर डोज लगवाना बेहद जरूरी हैं।
अयाना में छह सौ लोगों को लगाई गई बूस्टर डोज
अयाना। सीएचसी अयाना में रविवार को सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने फीता काटकर कोविड-19 टीकाकरण मेगा कैंप का शुभारंभ किया। इस दौरान मुकेश को बूस्टर डोज लगाकर शुभारंभ किया। एसीएमओ डॉ. शिशिर पुरी, अधीक्षक डॉ. सुनील शर्मा व अन्य स्टाफ मौजूद रहा। सीएचसी अयाना में छह सौ लोगों को बूस्टर डोज से सुरक्षित किया गया।
अजीतमल सीएचसी में मुफ्त बूस्टर डोज का शुभारंभ करतीं सदर विधायक व सीएमओ। संवाद- फोटो : AURAIYA