अछल्दा। कानपुर से इटावा की ओर जा रही सीमांचल एक्सप्रेस की किसी यात्री ने चेन पुलिंग की। इसके चलते ट्रेन स्टेशन पर रुक गई। इसी दौरान उससे उतरकर कई यात्री भाग निकले। ट्रेन के रुकते ही विभागीय कर्मचारियों में खलबली मच गई। लगभग छह मिनट पर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया जा सका।
दिल्ली-हावड़ा रूट पर कानपुर से इटावा की ओर जाने वाली सीमांचल एक्सप्रेस गुरुवार की दोपहर तीन बजकर 52 मिनट पर कस्बा स्टेशन से होकर निकल रही थी। इसी दौरान किसी यात्री ने चेन पुलिंग की और ट्रेन स्टेशन पर आकर रुक गई। अचानक ट्रेन रुकते ही वहां मौजूद कर्मचारियों और ट्रेन में सवार यात्रियों में खलबली मच गई।
इससे पहले कि विभागीय अधिकारी और कर्मचारी कुछ समझ पाते कई यात्री ट्रेन से उतरकर भाग निकलने में सफल हुए। मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने लगभग छह मिनट की मशक्कत के बाद हौस पाइप जोड़ा और फिर ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया।
-
मामूली विवाद में भिड़े बराती-जनाती
- पुलिस की मौजूदगी में सभी रस्में की गई पूरी
अछल्दा। कस्बा स्थित एक गेस्ट हाउस में मामूली विवाद में बरातियों और जनातियों में जमकर लात-घूसें व लाठी-डंडे चले। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में ईंट-पत्थर भी चले। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला शांत कराया और शादी की रस्मों को पूरा कराया।
कस्बे के महेवा रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में बुधवार की शाम इटावा से बारात आई थी। शादी की रस्मों को धूमधाम से संपन्न कराया जा रहा था। रात लगभग 11 बजे बारात चढ़ने के दौरान लड़की पक्ष के लोगों ने बरातियों का स्वागत अपनी क्षमतानुसार 10 रुपये देकर किया। इससे बाराती नाराज हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हुई, जो हाथापाई तक पहुंची।
इससे पहले कि लोग वहां कुछ समझ पाते। दोनों पक्षों में लाठी डंडे और ईंट-पत्थर भी चलने लगे। जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों में खलबली मच गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी थाना पुलिस को दी। इस दौरान गेस्ट हाउस के बाहर खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत किया। जिसके बाद शादी की रस्मों को पूरा कराया।
-
मारपीट करने का मामला दर्ज
अछल्दा। थाना क्षेत्र के गांव बिचौलिया निवासी अनुज कुमार पुत्र अनुरोध ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 18 अप्रैल की रात नगला चिंता स्थित वह अपनी दुकान पर था। तभी विवेक उर्फ बल्ले पुत्र दिनेश उर्फ पप्पू निवासी गौतला, सोनू उर्फ गपोले पुत्र रमेशचंद्र निवासी हनमंतपुर, रितिक सिंह पुत्र डेनी यादव निवासी गौतला, नितेश सिंह पुत्र नामालूम निवासी भुलाईपुर थाना अछल्दा ने आकर दुकान से सामान लिया। जिसके रुपये मांगने पर उक्त लोगों ने उसे लात घूसों से पीटकर घायल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना प्रभारी अशोक उपाध्याय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
-