बोर्ड बैठक में मौजूद चेयरमैन अनूप गुप्ता, ईओ रामआसरे कमल व सभासद।
- फोटो : संवाद
औरैया। शहर में कब्जा मुक्त हुई रोडवेज से सटी जमीन पर शापिंग कांप्लेक्स बनेगा। रेहड़ी दुकानदारों को बाजार देने के लिए वेडिंग जोन बनाया जाएगा। जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए हाईटेक पार्किंग भी बनेगी। इन सब प्रस्तावों पर शुक्रवार को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक में मुहर लगाई गई।
शुक्रवार को नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक हुई। इसमें अध्यक्षता कर रहे चेयरमैन अनूप गुप्ता व अधिशासी अधिकारी रामआसरे कमल की उपस्थिति में तीन एजेंडों पर चर्चा की गई। बोर्ड बैठक में तीन प्रस्ताव रखे गए। इनमें शापिंग कांप्लेक्स, वेडिंग जोन व हाईटेक पार्किंग शामिल रहे।
इन सभी प्रस्तावों पर सर्वसम्मित से सभासदों ने मंजूरी दी। सभी प्रोजेक्ट पिछले दिनों रोडवेज डिपो से सटी खाली कराई गई जमीन पर बनेंगे। बोर्ड में पालिका की ओर से खाली कराई गई साढ़े छह एकड़ की जमीन से रोडवेज डिपो को जरूरत के अनुसार ही जगह दिए जाने पर सहमति बनी है।
इसके लिए जल्द ही निरीक्षण करने के बाद जगह की पैमाइश तय करने की बात हुई। इस दौरान बैठक में सभी सभासदों के अलावा नगर पालिका परिषद के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।