फोटो-20- पूर्व मंत्री लाखन सिंह को ज्ञापन सौंपते पंचायत सहायक। संवाद
अछल्दा। पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन के बैनर तले सोमवार को पंचायत सहायकों ने मानदेय वृद्धि की मांग उठाई। इसे लेकर उन्होंने निदेशक, पंचायती राज विभाग को संबोधित 14 सूत्री ज्ञापन पूर्व राज्य मंत्री लाखन सिंह राजपूत को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि ग्राम पंचायत सचिवालयों के संचालन और डिजिटल सेवाओं के क्रियान्वयन में पंचायत सहायक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद आज तक न तो स्पष्ट सेवा नियमावली है और न ही कार्य के अनुरूप मानदेय मिल रहा है। यूनियन ने छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय को बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने अथवा न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की मांग की है।
इसके अलावा कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन उपस्थिति प्रणाली लागू करने, पृथक पंचायत सहायक पोर्टल विकसित करने, ग्राम पंचायत सचिवालय के लिए फर्नीचर, कंप्यूटर, प्रिंटर व अन्य उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। वहीं इंटरनेट, प्रिंटिंग व स्टेशनरी के लिए प्रतिमाह निर्धारित बजट देने की मांग की गई। पंचायत सहायकों ने ज्ञापन के माध्यम से एक सप्ताह के भीतर सकारात्मक एवं ठोस निर्णय लेने की मांग की है।