औरैया। मरीज की मौत पर आक्रोशित तीमारदारों के डॉक्टरों और स्टाफ के साथ मारपीट करने की घटना के बाद कोविड अस्पताल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हंगामा करने वालों के खिलाफ सीएमओ ने दिबियापुर सदर कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने शीघ्र मामला दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है। मंगलवार को हुई घटना के बाद से अस्पताल में भर्ती मरीजों में दहशत छाई है।
मंगलवार शाम चिचौली स्थित कोविड केयर सेंटर एल-टू अस्पताल में कोरोना संक्रमित मरीज की मौत के बाद आक्रोशित लोगों ने वहां तैनात डॉ. पंकज व डॉ. उमेश और स्टाफ के साथ हाथापाई की थी। चिकित्सकों ने खुद को कमरे में बंद कर जान बचाई थी। सूचना पर पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने किसी तरह मामला शांत कराया।
चिकित्सकों ने कहा कि हालात खराब हो रहे हैं। ऐसे में उनके साथ होने वाली घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा जरूरी है। उन्होंने मारपीट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि चिकित्सक व स्टाफ के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ सदर कोतवाली में तहरीर दी गई है। सुरक्षा के मद्देनजर अस्पताल में दो बटालियन पीएसी तैनात कर दी गई है। सदर कोतवाली प्रभारी एसके पांडेय ने बताया कि मामला दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही हमलावरों की शिनाख्त कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।