उत्तर प्रदेश की सपा सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर जिला समाजवादी पार्टी की ओर से खुशी का इजहार किया गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सपा सरकार ने चुनाव के दौरान घोषणा पत्र में जो वादे किए थे उनको पूरा किया है।
सपा जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश की सपा सरकार के नेतृत्व में आज पूरा प्रदेश अमन-चैन में है। सपा की ओर से चुनाव के दौरान जारी घोषणा पत्र में आम जनता से जितने वादे किए गए थे।
तीन वर्ष के कार्यकाल में सभी पूरे किए गए हैं। कहा कि मुलायम सिंह यादव की सरकार में जितने काम कराए गए थे। युवा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की सरकार ने उससे कहीं ज्यादा काम करवाए हैं।
कहा कि सरकार ने प्रदेश के किसानों, मजदूरों, गरीबों, अल्पसंख्यकों, व्यापारियों व नौजवानों के हितार्थ कल्याणकारी योजनाएं संचालित कराई हैं। साथ ही बेरोजगारी भत्ता, समाजवादी पेंशन योजना, लैपटॉप वितरण योजना का आम जनता को पूरा लाभ दिया गया है।
वहीं महिलाओं की सुविधा के लिए 102 एंबुलेंस सेवा, 1090 हैल्प लाइन सेवा का लाभ दिया जा रहा है। सड़कों व पुलों का निर्माण तेज गति से हो रहा है। कहा कि गरीब तबके के हितों को देखते हुए रियायती दर पर लोहिया ग्रामीण बसों का संचालन कराया गया है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि इसमें फसल की सिंचाई हेतु नहरों व सरकारी नलकूपों से मुफ्त पानी देने के अलावा खाद, बीज की सुनिश्चित व्यवस्था, बीमा राशि एक लाख से बढ़ाकर पांच लाख रुपये करना शामिल है।
इस दौरान ओम प्रकाश गुप्ता महासचिव, अनवार हसन, कोषाध्यक्ष, वंश गोपाल कुशवाहा, मोहम्मद अनीस, गुड्डू सेंगर, राजन चौहान, योगेश सिंह व टिल्लू राजपूत मौजूद रहे।