औरैया। जिले में कोरोना संक्रमण थमने का नाम नहीं ले रहा है। हर रोज संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार को रिपोर्ट में 14 और पॉजिटिव मिले। डीएम अभिषेक सिंह ने बताया कि होम आइसोलेशन में रहे कुल 21 मरीज स्वस्थ हुए हैं। जिले में अब कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 571 जा पहुंची है। मरीजों को होम आइसोलेट किया जा रहा है।
वहीं स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या 350 है। एक्टिव केस 218 हैं। बताया कि सैफई लैब में भेजे गए सैंपलों में 1105 सैंपलों की रिपोर्ट आने का इंतजार है। बताया कि संक्रमित पाए गए मरीजों को होम आइसोलेट किया जा रहा है। साथ ही संक्रमित मरीजों को निर्देशित किया गया है कि वह अपने परिजनों और उनके संपर्क में आने वालों की कोरोना की जांच कराएं। संक्रमित पाए जाने वाले लोगों के घरों के बाहर पोस्टर चस्पा करने के साथ ही गली व
क्षेत्र को सील करने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे अन्य लोगों को संक्रमित होने से बचाया जा सके। नोडल अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने बताया कि शनिवार को कुल 912 सैंपल लिए गए। जिसमें ट्रू नॉट सैंपल छह, एंटीजन सैंपल 409 और आरटीपीसीआर सैंपल - 497 शामिल हैं। अब तक कुल 17855 सैंपलों की जांच कराई जा चुकी है। जिसमें 16315 सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
हॉटस्पाट क्षेत्र में दुकानें खोले जाने की मांग
बिधूना (औरैया)। हॉटस्पाट जोन के अंतर्गत लोहा बाजार और सराफा गली के दुकानदारों ने एसडीएम से दुकानें खोले जाने की मांग की। इस संबंध में व्यापारियों ने ज्ञापन सौंपा। व्यापारी नीलू पोरवाल, विवेक कुमार, अवधेश कुमार, जितेंद्र कुमार गुप्ता, आकाश सोनी, लल्ला चौहान, ललित गुप्ता, अशोक कुमार, राज सिंह, श्रीकांत सराफा, सुनील कुमार स्वर्णकार, सुनील कुमार पोरवाल, श्रीकांत आदि ने ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने कहा कि नियम के विरुद्ध बाजार नहीं खोला जा सकता है। संक्रमित मिलने के बाद 100 मीटर की परिधि में मार्केट बंद रहेगा। संवाद
08एयूआरपी 13 - सब्जी मंडी की मुख्य गली में बैरिकेडिंग नहीं की गई।
पॉजिटिव केस मिलने के बाद भी नहीं की बैरिकेडिंग
कंचौसी(औरैया)। हॉटस्पॉट घोषित कंचौसी की पुरानी सब्जी मंडी की मुख्य गली जहां संक्रमित का परिवार रहता है, उसका एक सिरा औरैया मेन रोड की तरफ खुला छोड़ दिया गया। यहां दुकानें भी खुल रही हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा है। मंडी इलाके में व्यापारी परिवार के चार लोग संक्रमित मिलने के बाद अन्य रास्तों को बंद कर दिया गया, लेकिन मुख्य गली खुली है। लोगों ने इस गली को बंद किए जाने की मांग की है।
कस्बे में चलाया चेकिंग अभियान
बिधूना। शनिवार को नगर में पूर्णतया बाजार बंद रहा। हॉटस्पॉट एरिया में पुलिस पूरे दिन गश्त करती रही। नगर में चेकिंग अभियान चलाया। सड़कों पर चहल-पहल दिखी तो अधिकारी लोगों को जागरूक करने में लगे रहे। साफ सफाई अभियान के साथ क्षेत्र को सैनिटाइज भी किया गया। नगर के दुर्गा मंदिर पर कैंप लगाकर लोगों की जांच की गई। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई लोगों की बाइकों का चालान भी किया। संवाद