औरैया। मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में पहुंचने वाले हादसों में घायल मरीजों की अब छोटी सर्जरी बगल के कक्ष में ही कराई जाएगी। इसके लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने इमरजेंसी से सटे हुए कमरे में ओटी तैयार कर ली है। यहां पर जरूरी संसाधन भी जुटा लिए गए हैं।
मेडिकल कॉलेज की नई बिल्डिंग में धीरे-धीरे शल्य चिकित्सा के इंतजाम पुख्ता किए जा रहे हैं। इस कड़ी में चार मॉड्यूलर ओटी बनकर लगभग तैयार हो चुकी हैं। इस सब के बीच इमरजेंसी कक्ष के पास भी एक ओटी तैयार की जा रही है।
यहां पर इमरजेंसी में आने वाले मरीजों की छोटी सर्जरी व ऑपरेशन करने की सुविधा शुरू की जाएगी। इमरजेंसी में ड्यूटी करने वाले डॉक्टर इस ओटी की भी जिम्मेदारी उठाएंगे।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेश वीर सिंह ने बताया कि इमरजेंसी कक्ष के पास एक ओटी तैयार कराई गई है। इसमें छुटपुट ऑपरेशन किए जा सकेंगे।