जीएसटी बिल के विरोध में उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल की जिला इकाई ने प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री व मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा है। यह विरोध प्रदर्शन प्रांतीय उपाध्यक्ष रविकांत वर्मा उर्फ लाले के निर्देशन में किया गया।
प्रदेश नेतृत्व के निर्देशन पर जिले के व्यापारियों ने प्रस्तावित जीएसटी बिल का विरोध किया। सोमवार को एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रविकांत वर्मा ने बताया कि कर जितना सरल होगा उतना बढ़ेगा। प्रस्तावित कर जनहित में नहीं है।
इससे इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा मिलेगा। इसके स्थान पर सिंगल जीएसटी लगाया जाए। आन लाइन पेमेंट की अनिवार्यता खत्म हो। दस फीसदी से अधिक दर महंगाई को बढ़ावा देगी। इसी क्रम में संरक्षक अशोक कुमार सोनी ने बताया कि जीएसटी में आठ रिटर्न प्रस्तावित है। इसमें से चार प्रत्येक माह की 20 तारीख तक भरना है।
रिटर्न भरने को त्रैमासिक अथवा वार्षिक में किया जाए। इनकम टैक्स की भांति रिफंड कर दाता के खाते में सीधे आना चाहिए। एसडीएम को ज्ञापन सौंपने के दौरान उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष रविकांत के अलावा सुनील कुमार पोरवाल, राजेश चंद्र टुनटुन, अशोक कुमार सोनी, अमित चौबे, संजय दीक्षित, शैलेंद्र मोहन तिवारी, राजवीर यादव, रामकुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।