फफूंद। बदमाशों ने पंचायत भवन के दरवाजे के ताले और सेंट्रल लॉक तोड़कर वहां रखा तमाम सामान चोरी कर लिया। पंचायत सहायक ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने घटना की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।
भाग्यनगर ब्लॉक की ग्राम पंचायत फफूंद देहात का पंचायत भवन सरायं बिहारीदास गांव के पास बना हुआ है। बुधवार रात अज्ञात चोर बाउंड्री वाॅल फांदकर अंदर घुस गए। मुख्य कमरे के ताले और सेंट्रल लॉक तोड़कर वहां लगी 43 इंची एलईडी, सीपीयू, कैमरा रिकॉर्डिंग बॉक्स, प्रिंटर, टीवी इंजेक्टर बॉक्स, आयुष्मान कार्ड डिवाइस और अन्य सामान चोरी कर लिया।
गुरुवार की सुबह शौचालय खोलने गई केयर टेकर ने पंचायत भवन का दरवाजा खुला देखा तब घटना की जानकारी हुई। ग्राम प्रधान के पति सत्येंद्र बाबू, ग्राम पंचायत अधिकारी नंदराज सिंह भी पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
कस्बा इंचार्ज संदीप जादौन मौके पर पहुंचे और जांच की। ग्राम पंचायत अधिकारी ने बताया कि एक लाख के लगभग का सामान चोरी हुआ है। पंचायत सहायक प्रगति ने पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया घटना की जांच की जा रही है।