बिधूना। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पुर्वा दीक्षित निवासी रामरूप पुत्र जयराम ने अज्ञात तीन से चार युवकों पर डेबिट कार्ड बदलकर एक लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित की तहरीर के अनुसार 25 सितंबर को उसकी पुत्री कुमारी ज्योति केनरा बैंक का डेबिट कार्ड लेकर कस्बा के चन्दरपुर तिराहा से पैसे निकालने गई थी। उसी दौरान एटीएम के अंदर दो-तीन युवक और बाहर दो-तीन युवक खड़े थे। आरोप है कि युवकों ने ज्योति का ध्यान भटकाकर उसका डेबिट कार्ड बदल दिया और फिनो पेमेंट बैंक का दूसरा कार्ड थमा दिया। ज्योति बदला हुआ कार्ड लेकर घर लौट आई। बाद में जब कार्ड की जांच की गई, तो खाते से एक लाख रुपये की निकासी हो चुकी थी। पीड़ित ने पुलिस से अज्ञात युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। (संवाद)