अस्पताल में घायल बाइक सवार से जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : स्रोत सूचना विभाग
सहार (औरैया)। वाहन खरीदने कन्नौज के तिर्वा से औरैया जा रहा बाइक सवार सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गया। इस हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उसके साथ बैठा उसका साथी जख्मी हो गया।
वहीं, दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। हादसा सोमवार की सुबह करीब नौ बजे कन्नौज-औरैया रोड पर सहार थाना क्षेत्र के गांव गपचरियापुर में हुआ। कन्नौज के तिर्वा कोतवाली के डंबरपुर निवासी दीपू प्रजापति (48) बाइक से औरैया जा रहा था। उसके साथ बाइक पर उसी के गांव का ज्ञानचंद्र भी बैठा था।
दोनों चारपहिया वाहन खरीदने औरैया जा रहे थे। उनके साथ ही दूसरी बाइक पर कन्नौज के तालग्राम थाना के गदोरा निवासी देवेंद्र और डंबरपुर निवासी विपिन भी जा रहे था।
गपचरियापुर में रोड पर सामने से आ रहे एक बाइक सवार ने दीपू की बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में दीपू प्रजापति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, ज्ञानचंद का पैर टूट गया।
एंबुलेंस से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पूर्वातरा सहार लाया गया। वहां डॉ. अभिचल पांडेय ने घायल को मेडिकल कॉलेज तिर्वा रेफर कर दिया। थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरे बाइक सवार की तलाश की जा रही है।