अयाना(औरैया)। कस्बा निवासी वृद्ध की सोमवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ होने पर परिजन स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते मे वृद्ध ने दम तोड़ दिया। परिजनों ने समय से ऑक्सीजन न मिलने का आरोप लगाया है।
अयाना निवासी विशुनदयाल (80) की सोमवार रात तबीयत खराब हो गई। परिजनों ने उन्हें सीएचसी अयाना में भर्ती करवाया। जहां से उन्हें 108 एंबुलेंस से चिचौली अस्पताल रेफर कर दिया गया।
चिचौली जाते वक्त रास्ते में ही विशुनदयाल की मौत हो गई। मृतक के बेटे बबलू का आरोप है कि अयाना सीएचसी में पिता को ऑक्सीजन नहीं दी गई, यदि ऑक्सीजन दी जाती तो उनकी जान बच सकती थी। वहीं सीएचसी अधीक्षक डॉ. अजय कुमार का कहना है कि मरीज को ऑक्सीजन दी गई लेकिन उसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही थी। जिसकी वजह से मरीज को रेफर करना पड़ा। सीएचसी में मरीज के लिए तीन घंटे से ज्यादा की ऑक्सीजन नहीं थी। मृतक में कोविड के लक्षण थे, लेकिन मरीज की स्थिति नाजुक होने के कारण बिना कोविड टेस्ट के ही रेफर कर दिया।