फफूंद (औरैया)। मुरागंज रोड स्थित ईंट भट्ठे के पास सोमवार की सुबह बस की टक्कर से वृद्ध की मौत हो गई। ग्रामीणों ने बस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया।
इटावा के अहेरीपुर करपिया गांव निवासी वृंदावन (70) फफूंद कस्बे के मुरागंज रोड स्थित ईंट भट्ठे पर चौकीदारी करते थे। सोमवार सुबह वह शौच के लिए जा रहे थे। तभी भट्ठे के पास खड़ी बस का चालक बस पीछे कर मोड़ने लगा। बस की चपेट में आकर वृंदावन गंभीर रूप से घायल हो गए। वहां मौजूद लोग अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, तब तक उन्होंने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने चालक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। भट्ठे पर काम करने वाले कुछ लोगों ने पीड़ित परिवार को समझाकर कार्रवाई न किए जाने की बात कही। इस पर परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार करा दिया। थानाध्यक्ष एसके तिवारी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।