बिधूना। भाई दूज मनाने के बाद भाई के साथ बाइक से ससुराल जा रही वृद्धा सड़क के गड्ढे में बाइक का पहिया जाने से असंतुलित होकर नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। भाई उसे सीएचसी बिधूना लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टर ने महिला को मृत घाेषित कर दिया। जानकारी पर पहुंचे परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। बिना पुलिस को सूचना दिए शव काे ले गए।
एरवाकटरा थाना क्षेत्र के गांव हमीरपुर रूरू निवासी गजेंद्र सिंह की पत्नी कमला देवी (65) भाई दूज के उपलक्ष्य में अपने मायके कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र के वनके पुर्वा ऊसरी गई थीं। मंगलवर को वह वहां से अपने भाई राजपाल के साथ वापस लौट रही थीं। जैसे ही उसकी बाइक हमीरपुर गांव के करीब पहुंची ही थी। तभी बाइक का पहिया सड़क के गड्ढे से होकर गुजरा। तभी झटका लगने से कमला देवी अचानक चलती हुई बाइक से गिर गईं।
इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इस पर महिला का पुत्र लल्ला व भाई राजपाल उसे इलाज के लिए सीएचसी बिधूना लेकर पहुंचे। जहां डाॅक्टर ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह ने बताया थाने में कोई सूचना नहीं है। अगर कोई ऐसा मामला है तो जानकारी की जाएगी।