शिकायती पत्र दिखाकर पीड़ा बयां करता वृद्ध रामदत्त। संवाद
- फोटो : AURAIYA
औरैया। अफसरों के खेल भी निराले हैं। सदर ब्लाक कार्यालय के अफसरों ने एक वृद्ध को ‘मुर्दा’ बताकर उसकी पेंशन रोक दी। वृद्ध का कहना है कि उसे दिसंबर को 2020 से पेंशन नहीं मिल रही है। उसने सचिव और प्रधान पर गड़बड़ी का आरोप लगाया है। डीएम से जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
बमुरीपुर निवासी वृद्ध रामदत्त ने बताया कि उसकी 19 दिसंबर 2020 से पेंशन रोक दी गई। इस संबंध में उसने जनवरी 2021 को जिला समाज कल्याण विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। समाज कल्याण अधिकारी की ओर से बताया गया कि 2019-20 में विकास खंड स्तर पर कराए गए सत्यापन में उन्हें मृत दर्शाया गया था। इस कारण वृद्धावस्था पेंशन रोक दी गई।
इसके बाद पीड़ित ने जून 2021 में अपने को जीवित दर्शाते हुए सभी दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किया। यहां तक की जुलाई 2021 को बीडीओ कार्यालय औरैया में सभी दस्तावेजों की एक कापी जमा की। बावजूद इसके आज तक उसकी पेंशन नहीं शुरू हुई।
पीड़ित ने बताया कि सरकारी दस्तावेजों में उसे मृत दिखाकर धोखाधड़ी की गई और उसका अंत्योदय राशन कार्ड भी काट दिया गया। पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की जांच कराने और सत्यापन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।