महिला एवं किशोरी के साथ आए दिन होने वाली वारदातों से निपटने के लिए पुलिस महकमे ने एक नई पाठशाला की कवायद शुरू की है।
अब एंजल पावर के तहत जनपद के बालिका कालेजों में छात्राओं को जू़डो-कराटे एवं आत्मरक्षा के टिप्स दिए जाएंगे। इसके अलावा उन्हें पुलिस द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव व सीओ सिटी रमेश चंद्र भारतीय ने बताया कि अब महिलाओं और छात्राओं को डरने की जरूरत नहीं है बल्कि शोहदों से डटकर मुकाबला कर जवाब देने की आवश्यकता है।
महिलाओं एवं छात्राओं को आत्मरक्षा का पाठ पढ़ाने के लिए एसपी ने बालिका कालेजों में एक नया पाठ पढ़ाने की कवायद शुरू की है।
छात्राएं खुद को असुरक्षित महसूस न करें, इसके लिए पुलिस महकमे ने एंजल पावर के तहत उन्हें छेड़छाड़ तथा अन्य वारदातों को अंजाम देेने वाले लोगों को त्वरित जवाब देने के लिए जूडो-कराटे एवं अन्य प्रशिक्षण दिए जाने का निर्णय लिया है।
विभिन्न कालेजों में इसकी शुरूआत की जा रही है। अब छात्राओं एवं महिलाओं को दूसरे पर आश्रित होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शोहदों को माकूल जवाब देने को वह स्वयं तैयार हो रही हैं। वहीं महिलाओं एवं छात्राओं को समस्या के निराकरण को 1090 (वुमेन पावर लाइन ) योजना के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
1090 नंबर डायल करने पर महिला थाना पुलिस पीड़ित की समस्या को सुनकर तत्काल घटनास्थल पर पहुंच जाएगी और आरोपी के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जाएगी। वार्ता के दौरान महिला थानाध्यक्ष दीपा सिंह व संगम भदौरिया मौजूद रहीं।
आज दिया जाएगा प्रशिक्षण - औरैया। एंजल पावर योजना के तहत सोमवार को सुबह 10 बजे दिबियापुर रोड स्थित चौ. विशंभर सिंह भारतीय विद्यालय इंटर कालेज में महिलाओं को कानून के प्रति जागरूक करने को उन्हें जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें शोहदों एवं अपराधियों से निपटने के लिए जूडो कराटे के टिप्स दिए जाएंगे।
पैनल भी हुआ गठित - एंजल पावर जागरूकता कार्यक्रम की संयोजक एसआई संगम भदौरिया को बनाया गया है। इस पैनल में पांच सदस्यीय टीम का गठन किया जाना है, जो जल्द ही कर दिया जाएगा।