नगर पंचायत बैठक में सफाईकर्मियों का मुद्दा छाया रहा। इस दौरान सफाई कर्मियों ने सफाई नायक पर अभद्रता का आरोप लगाया।
सदन ने सफाई कर्मियों की मांग पर दूसरे सफाई नायक भीखम सिंह को चार्ज दिए जाने का भरोसा दिया गया। इसी क्रम में महिला सफाई कर्मियों ने नाला साफ न करने की आवाज उठाई। चेयरमैन प्रतिनिधि लालजी शुक्ला ने महिला सफाई कर्मियों को सिर्फ गलियां साफ करने का निर्देश दिया।
चेयरमैन प्रतिनिधि ने बताया कि कुछ स्थानों से शिकायतें मिल रही हैं कि सफाईकर्मी शराब के नशे में सफाई कार्य करते हैं। इसको लेकर झगड़े की शिकायतें है।
कहा कि सफाई कर्मी ड्यूटी के दौरान शराब न पियें। इसी क्रम में सफाई कर्मियों ने वेतन बढ़ाए जाने की मांग की। बैठक में विजय प्रताप मिश्रा, हरिओम त्रिपाठी लेखाधिकारी, ओमकार पटेल, बबलू बाजपेयी, राजेंद्र तिवारी, विवेक पोरवाल, विशाल त्रिपाठी, नरेंद्र तोमर, रामू पेंटर, लल्ली तिवारी आदि कर्मचारी मौजूद रहे।