औरैया। शहर सहित पूरे जनपद में मंगलवार को बुढ़वा मंगल का पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही जिले के सभी छोटे-बड़े हनुमान मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। जय श्री राम और जय हनुमान के जयकारों से पूरा माहौल धर्ममय बना रहा। मंदिरों में सजावट, अखंड रामायण, सुंदरकांड पाठ और भव्य आरती के बाद भंडारों का आयोजन किया गया। मंदिरों में दिनभर भजन गूंजते रहे।
शहर के पढ़ीन स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में सुबह हवन-पूजन के बाद कन्या भोज कराया गया। बाद में भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें कई गांवों के लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में पूर्व राज्यमंत्री रामजी शुक्ला, लालजी शुक्ला, किशनजी शुक्ला, ओमजी शुक्ला, लल्ली तिवारी, केशव शुक्ला व लकी अवस्थी आदि का विशेष सहयोग रहा। लेडीज मार्केट स्थित संकट मोचन मंदिर में आरती के बाद झांकी के दर्शन के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं का हुजूम जुटा रहा।
गढ़ैया मोहाल के संकट हरण मंदिर और जरहौलिया स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में सुबह पांच बजे से ही सुंदरकांड पाठ शुरू हुआ। इंडियन ऑयल तिराहा स्थित श्री वीर विजय हनुमान मंदिर में अखंड रामायण पाठ के समापन पर हवन और कन्याभोज कराया गया। इस मौके पर महंत विनोद कुमार तिवारी, राजमणि तिवारी, आनंद दीक्षित, शिवनाथ वर्मा, बलदाऊ सिंह, रामजी पांडेय आदि व्यवस्था संभाले रहे।
बिधूना क्षेत्र के रठगांव स्थित नकेड़ी पुलिया हनुमान मंदिर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। छिबरामऊ बस अड्डा स्थित हनुमान मंदिर पर दोपहर तीन बजे से भंडारा शुरू हुआ। वहीं, स्टेट बैंक के पास संजीव गुप्ता, हिमांशु वर्मा, शशिकांत भदौरिया, संदीप राजावत, मुकेश गुप्ता व लालू गुप्ता आदि व्यापारियों की ओर से भी भंडारा और प्रसाद वितरण किया गया।
दिबियापुर में औरैया रोड स्थित प्राचीन सेहुद हनुमान मंदिर में महंत बालयोगी बाबा राम प्रियदास ने हनुमानजी को भोग लगाकर आरती की और भक्तों को भगवान के विग्रह रूप के प्रथम दर्शन कराए। इसके बाद दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने पुए का भोग लगाया और झंडे-घंटे चढ़ाकर मन्नतें मांगी। मंदिर परिसर के बाहर लगे मेले में बच्चों ने झूलों, आइसक्रीम व चाट-टिक्की का आनंद लिया।
सर्वोदय धर्मकांटा पर समाजसेवी आदर्श यादव के नेतृत्व में प्रसाद वितरण व भोजन भंडारा कराया गया। कंचौसी में रेलवे स्टेशन रोड व क्रासिंग स्थित हनुमान मंदिर पर भंडारे का आयोजन हुआ। इस दौरान बीनू शुक्ला ग्राम प्रधान दिनेश राठौर, लप्पू यादव, उदयवीर यादव, जिम्मी यादव आदि मौजूद रहे। अजीतमल के जनता महाविद्यालय परिसर स्थित ध्यान मंदिर में पुजारी मनोज दुबे के नेतृत्व में सुंदरकांड पाठ के बाद प्रसाद वितरित किया गया। शीतला माता मंदिर व शिव मंदिर पर भी भव्य झांकियां सजाई गईं। रुरुगंज कस्बे के तिराहे पर हनुमान जी मंदिर के पास बबलू गुप्ता, शिवम गुप्ता, विपिन राठौर, शशांक राजपूत सहित दर्जनों युवाओं ने श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया। बेला में पांडू नदी किनारे स्थित मंदिर में भंडारे का आयोजन किया गया।
तीन किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाकर औरैया पहुंचे वाहन सवार
दिबियापुर। प्राचीन सेहुद मंदिर पर मेले लगने से इस मार्ग के रूट को डायवर्ट किया गया। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने सेहुद बंबा व गेल कंप्रेसर के पास बैरिकेडिंग कर बड़े वाहनों व ऑटो-रिक्शा के प्रवेश पर रोक लगा दी। जबकि अजमतपुर, कंचौसी मोड व बैसुंधरा मार्ग से तीन किमी अतिरिक्त चक्कर लगाकर औरैया की तरफ वाहनों को भेजा गया।
पढ़ीन के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु। स्रोत:आयोजक
पढ़ीन के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु। स्रोत:आयोजक
पढ़ीन के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में भंडारे का प्रसाद ग्रहण करते श्रद्धालु। स्रोत:आयोजक