ककोर स्थित पुलिस कार्यालय में बुधवार को आईजी आशुतोष पांडेय ने पुलिस कैफटेरिया का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने पंचायत चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए एसपी के कार्य की सराहना की। उन्होंने ग्राम प्रधान चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए थानेदारों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।
आईजी कानपुर जोन पांडेय ने कहा कि कैपटेरिया खुलने से पुलिसकर्मियों को खाने के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। साथ ही अन्य लोगों को भी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के लिए एसपी मनोज तिवारी को निर्देश दिए। उन्होंने पंचायत चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए एसपी मनोज तिवारी व जिला प्रशासन की तारीफ की।
कहा कि औरैया में बिना किसी विवाद के पंचायत चुनाव संपन्न होना काबिले तारीफ है। कहा कि आगामी ग्राम प्रधान के चुनाव भी इसी तरह से संपन्न कराए जाएं। प्रधानी के चुनाव में किसी तरह की लापरवाही न की जाए, सभी थानेदार अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए काम करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानी के चुनाव में भी लाल कार्ड बांट दिए जाएं और अराजक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति चुनाव में गड़बड़ी फैलाने का प्रयास करें तो उसे तत्काल जेल भेज दिया जाए। कार्य के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस मौके पर एसपी मनोज तिवारी, राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता गुप्ता, एएसपी विपुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ सिटी सुभाष अत्री, सीओ अजीतमल जीडी मिश्रा के अलावा सभी थानों का फोर्स मौजूद रहा।