औरैया। आधुनिकता के दौर में स्कूलों का पठन-पाठन भी बदल रहा है। बेसिक की तरह अब माध्यमिक के स्कूलों में भी टीचिंग लर्निंग एप के जरिए पढ़ाई की व्यवस्था की गई है। शासन स्तर से इसे लेकर एप जारी किया गया है। इसके जरिए बच्चों को आसानी से विषयों के अध्यायों को समझाया जा सकेगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से टीचिंग लर्निंग एप की सुविधा दे दी गई है। स्कूलों में बनीं आईसीटी लैब में बच्चों को प्रोजेक्टर व कंप्यूटर से अब आसानी से शिक्षक पढ़ा सकेंगे। बच्चों को वीडियो व ग्राफिक्स के जरिए किसी भी विषय को समझाने में आसानी होगी। कक्षा छह से लेकर 12वीं तक की पाठ्यसामग्री इस एप में है जिसे बच्चों को वीडियो दिखाकर पढ़ाया जा सकेगा। वहीं, एप में दर्शाए गए ग्राफ, फोटो भी बच्चों को विषयों की जानकारी बखूबी देंगे। डीआईओएस प्रदीप कुमार मौर्य ने बताया कि परिषद की ओर से एप जारी कर दिया गया है। इसे स्कूलों में पढ़ाने के लिए लागू कर दिया गया है। इस तरकीब से बच्चों की पढ़ाई और भी रोचक होगी।