औरैया। प्रसव के कुछ देर बाद महिला की हालत बिगड़ने के बाद उसे कानपुर ले जाते समय रास्ते में हुई मौत के मामले में अब मायका पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
कानपुर देहात के गांव सनिहापुर डेरापुर निवासी जयराम ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया कि पुत्री प्रीती की शादी 26 फरवरी 2024 को अंकित निवासी लहार कनार जालौन के साथ की थी। आरोप लगाया कि ससुरालीजन प्रीती को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। बताया गर्भवती प्रीती को शुक्रवार सुबह औरैया के नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया। आरोप लगाया कि ससुरालियों ने अतिरिक्त दहेज की मांग की और इलाज नहीं कराया। प्रसव के कुछ ही देर बाद प्रीती को घर ले गए।
हालत बिगड़ने पर मायके पक्ष के लोग अस्पताल लाए। गंभीर हालत के चलते कानपुर ले जाते समय प्रीती की मौत हो गई। शनिवार की सुबह मायके पक्ष के लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर फिर हंगामा किया। सीओ सदर महेंद्र पाल सिंह और कोतवाली प्रभारी ने लोगों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।