फोटो-17एयूआरपी 03- सिलिंडर को उठाकर बाहर लाते दमकल कर्मी। संवाद
बिधूना। कस्बे के मोहल्ला गीतापुरम में रविवार की सुबह एक घर में जन्मदिन पर कार्यक्रम के लिए खाना बनाते समय गैस सिलिंडर लीकेज हो गया। इससे आग भड़क उठी और सामान आग की चपेट में आ गया।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल दमकल टीम को दी, हालांकि ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया। हादसे में परिवार बाल-बाल बच गया। रविवार को पावर हाउस के पास रहने वाले शिक्षक अनिल कुमार के एक साल के भांजे गोलू का पहला जन्मदिन था। इसके लिए हलवाई मकान की पहली मंजिल पर खाना बना रहा था।
तभी लीकेज सिलिंडर से आग की लपटें उठते ही मोहल्ले में खलबली मच गई। लोगों ने फायर उपकरण व सबमर्सिबल चलाकर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू कर दिया। 45 मिनट की मशक्कत के बाद मोहल्लेवासियों ने आग पर काबू पा लिया।
हालांकि इस दौरान गद्दा, रजाई, चटाई सहित गृहस्थी का कुछ सामान जलकर राख हो गया। मकान के दरवाजे-खिड़कियां भी आग की चपेट में आ गए। सूचना पर दमकल टीम और बिधूना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने सिलिंडर को सुरक्षित नीचे उतारकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया था।