औरैया। हाईवे स्थित मंडी में नीलामी चबूतरों पर अतिक्रमण करने वालों पर मंडी समिति प्रशासन सख्त हो गया है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद जिम्मेदार हरकत में आए थे। बुधवार को 22 आढ़तियों को नोटिस जारी कर चबूतरा खाली करने के आदेश दिए गए।
किसानों की उपज के विक्रय के लिए मंडी परिषद ने मंडी में चार नीलामी चबूतरे बनवाए हैं। इन चबूतरों पर आढ़तियों ने टट्टर लगाकर अतिक्रमण कर लिया है। कोई इनमें धान का स्टॉक कर रहा है तो कोई बारदाना भरे है। ऐसे में किसानों को धान का विक्रय करने के लिए सड़कों पर ढेर लगाने पड़ रहे हैं। इससे मंडी में जाम के हालात भी बन रहे हैं। अमर उजाला ने 19 नवंबर के अंक में इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेकर मंगलवार को मंडी सचिव हरविलास ने चबूतरों पर अतिक्रमण करने वाले आढ़तियों का चिह्नांकन कराया था। बुधवार को मंडी समिति ने 22 आढ़तियों को नोटिस जारी कर तत्काल चबूतरे खाली करने के आदेश दिए हैं। चबूतरा खाली न करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। इससे अतिक्रमण करने वालों में खलबली मच गई है।