औरैया। चिचौली स्थित कोविड अस्पताल में शुक्रवार रात चिकित्सक के ड्यूटी पर न पहुंचने से मरीजों की जान आफत में पड़ गई। उनके तीमारदार चिकित्सक और व्यवस्था को कोसते दिखे। इस दौरान एक तीमारदार ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सीएमएस से शिकायत दर्ज कराई।
गंभीर कोरोना संक्रमितों का चिचौली स्थित कोविड केयर सेंटर एल-टू में उपचार किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक कोविड अस्पताल में 95 मरीज भर्ती हैं। जिनमें गंभीर संक्रमित मरीजों की संख्या 26 है। हाल में चिकित्सक व स्टाफ के साथ मारपीट की घटनाओं और शिकायतों के बाद जिलाधिकारी ने कोविड अस्पताल की कमान संभाली है। व्यवस्थाओं को दुरस्त बनाने के लिए सीएमएस डॉ. राजीव रस्तोगी को हटाकर इस पद की जिम्मेदारी डॉ. पीके कटियार को सौंपी। इसके बाद व्यवस्था में सुधार आया लेकिन शुक्रवार रात संक्रमित मरीजों को चिकित्सक देखने नहीं पहुंचा। स्टाफ ने भी हाल नहीं लिया।
अचानक मरीज की हालत बिगड़ने पर उनके तीमारदारों में आक्रोश रहा। एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर वहां के पीड़ित मरीजों से बात और स्थिति का वीडियो वायरल किया। साथ ही चिकित्सक के न होने की जानकारी सीएमएस डॉ. पीके कटियार को दी। सीएमएस ने शिकायत कर्ता से लिखित शिकायत करने के बाद कार्रवाई की बात कही। पीके कटियार की मानें तो चिकित्सक देरी से पहुंचे थे। एक चिकित्सक की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर दूसरे चिकित्सक की ड्यूटी लगाई गई थी। जिसे आने में थोड़ा समय लगा। हालांकि इस दौरान किसी मरीज को दिक्कत नहीं हुई।
वर्जन
चिकित्सक के संक्रमित होने पर दूसरे चिकित्सक की ड्यूटी लगाई गई थी। अचानक ड्यूटी लगाए जाने के कारण चिकित्सक देरी से पहुंचा था। यदि रात में भी चिकित्सक नहीं रहा है, तो शिकायत आने पर लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- डॉ. अर्चना श्रीवास्तव