औरैया। कोरोना संक्रमण काल के दौरान कोविड अस्पतालों में काम करने वाले कर्मचारियों को शासन से मिलने वाली प्रोत्साहन राशि अब तक नहीं मिली है। जिससे उनमें पहले जैसा उत्साह देखने को नहीं मिल रहा है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की शुरुआत होते ही संक्रमित मरीजों और मरने वालों की संख्या तेजी से बढ़ी। अस्पतालों में डॉक्टरो व कर्मचारियों की कमी और उनमें हौसला बढ़ाने के लिए शासन ने कोविड अस्पतालों में काम करने वाले सभी चिकित्सकों, कर्मचारियों को वेतन का 25 प्रतिशत अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि दिए जाने के निर्देश दिए थे। लेकिन कर्मचारियों को वेतन तो मिला लेकिन प्रोत्साहन राशि नहीं दी गई है। चीफ फार्मासिस्ट प्रमोद त्रिपाठी ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मियों को प्रोत्साहन राशि देने का निर्णय सराहनीय है। प्रोत्साहन राशि को लेकर स्वास्थ्य कर्मियों में उत्साह है। विभाग को जल्द यह राशि देनी चाहिए। कोविड हास्पिटल में ड्यूटी करने वाले गौरव कुमार ने बताया कि प्रोत्साहन राशि समय से मिले तो लोगों में जज्बा बरकरार रहेगा। सभी को इस राशि का इंतजार है। (संवाद)
वर्जन
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि प्रोत्साहन राशि पाने वाले कर्मचारियों की सूची तैयार की जा रही है। कुछ कर्मचारियों ने ड्यूटी नहीं की, उनके नाम भी शामिल हैं, इसलिए नाम हटाए गए हैं। कर्मचारियों की सूची शासन को भेजी गई है। जल्द ही उन्हें प्रोत्साहन राशि मुहैया कराई जाएगी।