निजी कार्यक्रम में आए लोक निर्माण मंत्री शिवपाल यादव ने कहा कि हमने देवरिया से लेकर सहारनपुर तक सभी जिलों का संपूर्ण विकास कराया है। लेकिन केंद्र सरकार के एनएच और एनएचएआई पर टोल टैैक्स वसूलने के बाद भी राष्ट्रीय राजमार्गों की हालत खराब है। पढ़ाई, सिंचाई और दवाई यूपी के सिवा पूरे देश के किसी भी प्रदेश में मुफ्त नहीं है।
शनिवार को जनपद में आयोजित एक सभा में सूबे के कद्दावर नेता शिवपाल सिंह यादव ने प्रदेश की प्रतिद्वंद्वी पार्टी बसपा व भाजपा पर जमकर हमला बोला। उन्होंने हाल ही में बसपा के दिग्गज नेताओं के पार्टी छोड़ने की मुद्दे पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने जनपद के साथ किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया है। इटावा के सापेक्ष औरैया में भी पुल सड़कें निर्माण समते अधिक से अधिक विकास कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि राजमार्गों की मरम्मत के लिए प्रदेश सरकार ने अपने साझे से 169 करोड़ रुपये का बजट खर्च किया है। पिछले वर्ष हुई ओलावृष्टि को राष्ट्रीय समस्या बताते हुए उन्होंने कहा कि किसानों के मुआवजे के लिए केंद्र सरकार को 7500 करोड़ देने थे। जबकि प्रदेश की सरकार को 2500 करोड़ रुपये प्रदेश के किसानों को देने थे। केंद्र की किसान विरोधी सरकार ने चार माह बाद मात्र तीन हजार रुपये ही दिए। जबकि प्रदेश की सरकार ने 2500 करोड़ की जगह 3500 करोड़ रुपये दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता ने केंद्र सरकार को 73 संासद दिए हैं। अगर उप्र का साथ न मिलता तो केंद्र में मोदी की सरकार बनना असंभव था।
कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष शिवनाथ सिंह यादव, जिला पंचायत अद्यक्ष राजवीर सिंह यादव, सपा विधायक प्रमोद गुप्ता, विधायक मदन गौतम, राज्यमंत्री ठा. भोला सिंह, राज्यमंत्री मो. इरशाद, पूर्व सांसद प्रेमदास कठेरिया, पूर्व राज्यमंत्री रामबाबू यादव, ब्लाक प्रमुख सौरभ भूषण शर्मा, ब्लाक प्रमुख अजीतमल कमलेश गौतम, अवधेश भदौरिया, अब्दुल हाफिज सत्तार, अशोक यादव, बैकुंड यादव, राजेश सिंह, ओके चौधरी सहित सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।