केंद्र सरकार की एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सर्राफा बाजार बंदी के 16 वें दिन बुधवार को शहर के होमगंज बाजार में विरोध, धरना प्रदर्शन का दौर जारी रहा। वहीं सराफा कारोबारियों ने नारेबाजी कर वित्तमंत्री और सरकार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली। सराफा व्यापारियों के आंदोलन के दौरान शहर के विभिन्न व्यापारी संगठनों ने भी शिरकत की।
आम बजट में लागू की की एक्साइज ड्यूटी के विरोध में शहर के साथ जिले भर में सराफा व्यापारियों का आंदोलन और ताला बंदी अनवरत रूप से जारी है। जिले भर के स्वर्ण कारोबारी आंदोलन में सराफा कमेंटी का पूर्ण सहयोग भी कर रहें हैं। वहीं सराफा एसोसिएशन के सहयोग में उतरे तमाम व्यापारी संगठनों ने भी एकजुटता का परिचय देते हुए प्रदर्शन में सरकार के खिलाफ माहौल बनाया। सराफा एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सर्वेश वर्मा ने बताया कि व्यापारियों से आवाहन किया है कि वे अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर अनवरत जारी आंदोलन को सफल बनाए।
उन्होंने कहा कि एक्साइज ड्यूटी थोप कर सरकार सराफा व्यापारियों का उत्पीड़न कर रही है। सर्राफा एसोसिएशन के संरक्षक विपिन मित्तल ने बताया कि एक्साइज ड्यूटी व दो लाख से अधिक की खरीद पर पैन कार्ड लागू करने की सरकार की व्यवस्था व्यापरियों के हित में नहीं है। इन सभी बिंदुओं को लेकर जिले से दो सैकड़ा से अधिक सराफा व्यापारी दिल्ली के जंतर-मंतर में धरना प्रदर्शन कर केंद्र सरकार को झुकानें का प्रयास करेंगें।
सर्राफा एसोसिएशन के महामंत्री कांत कुमार शुक्ला ने बताया कि औरैया, दिबियापुर, बाबरपुर व मुरादगंज से 200 से अधिक सराफा व्यापारी बसों के माध्यम से दिल्ली पहुंचेंगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान सतीश वर्मा, रामअवतार वर्मा, रामआसरे, गोपाल सराफ, विशाल वर्मा, सागर वर्मा, संजीव वर्मा आदि सराफा कारोबारी मौजूद रहे।
सराफा कारोबारी दिल्ली रवाना
अजीतमल (औरैया) एक्साइज ड्यूटी के विरोध में सराफा कारोबारियों का विरोध शहर के निकलकर दिल्ली के लिए कूच कर गया है। दिल्ली के जंतर मंतर में गुरुवार को सराफा कारोबारी धरना प्रदर्शन करेंगे। करीब एक सैकड़ा से अधिक सराफा कारोबारी जिले से दिल्ली के लिए रवाना हो गए है। यह सभी कारोबारी सराफा एसोशियेशन के अध्यक्ष चन्द्रशेखर सोनी एवं महामंत्री योगेंद्र कुमार पोरवाल के नेतृत्व में दिल्ली के लिये रवाना हुए है।