निर्माणाधीन स्टेट हाईवे पर जाम आम हो गया है। यहां रोज घंटों जाम लगता है। निर्माण के चलते जगह- जगह सड़क खोद दी गई है। ऐसे में ट्रकों की आवाजाही जाम का सबसे बड़ा कारण है। ककोर के पास दलदल बनी सड़क पर रोज कोई न कोई ट्रक फंस जाता है। इसके चलते जाम की नौबत बन जाती है।
बिलराया-पनवाड़ी राज्य मार्ग का निर्माण चल रहा है। पीडब्ल्यूडी ने निर्माण के समय इस व्यस्त सड़क पर ट्रैफिक प्लान नहीं बनाया। बिना प्लान के ही सड़क का निर्माण शुरू करा दिया। ऐसे में ठेकेदार ने पूरी सड़क को जगह-जगह खुदवा दिया है। एक तरफ से निर्माण होता तो समस्या इतनी गंभीर नहीं होती। वहीं ककोर में गड्ढों के बीच खोदी गई सड़क दलदली हो गई है। यहां गड्ढों में लोड ट्रक फंस जाते हैं। इससे जाम लग रहा है। ककोर में सड़क खुदने के बाद से ही जाम लगना शुरू हो गया है।
अभी भी विभाग के पास जाम से निपटने के लिए कोई प्लान नहीं है। अछल्दा में भी सड़क निर्माण के चलते रूट डायवर्जन की संभावनाओं पर विराम लगता नजर आ रहा है। ऐसे में सड़क निर्माण के साथ खुदी सड़क की लेवलिंग से ही जाम की समस्या से निजात मिल सकती है।