औरैया। शासन की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री शहरी गरीब आवास योजना में एक साल पहले डूडा कार्यालय को भेजी गई 320 पात्रों की सूची में अब तक कुछ ही लोगों के खातों में किस्त भेजी गई है। ऐसे में काफी पात्र किस्त न मिलने से पालिका व डूडा कार्यालय के चक्कर लगाकर परेशान हैं।
प्रधानमंत्री शहरी गरीब आवास योजना में जर्जर आवास के लिए ढाई लाख रुपये की सहायता राशि दिए जाने का प्रावधान है। पालिका के माध्यम से जमा किए गए फार्मों पर पालिका व तहसील कर्मियों की जांच रिपोर्ट के आधार पर पात्रों का चयन किया जाता है। दिसंबर 2019 में पालिका की ओर से 320 पात्रों की सूची डूडा को भेजी गई थी। इस सूची में शामिल कुछ चहेतों के खाते में किस्त भेज दी गई, जबकि अधिकांश लाभार्थी आज भी किस्त पाने को पालिका में चक्कर लगा रहे हैं। डूडा प्रशासन इससे अनजान बना बैठा है। एडीएम रेखाएस चौहान ने बताया कि अभी कुछ लोगों का पैसा आया है। सबका पैसा आने के बाद खातों में पहुंच जाएगा।
पात्रों ने बयां किया दर्द
दयालपुर निवासी अर्चना ने बताया कि कई लोगों ने प्रधानमंत्री शहरी गरीब आवास योजना के लिए फार्म भरा था। आज तक किस्त नहीं मिली है। पालिका जाने पर डूडा में संपर्क करने को कहा जाता है। चक्कर काटकर परेशान हैं।
शहर के मोहल्ला पढ़ीन दरवाजा निवासी मंजू देवी ने बताया कि 2019 में आवास की योजना का लाभ लेने का फार्म भरा था। जिसमें जांच भी पूरी हो गई थी लेकिन अभी तक पैसा नहीं आया। जब डूडा में पूछा तो बताया कि अभी तक शासन से ही पैसा नहीं आया।
शहर के मोहल्ला दयालपुर निवासी संजय कहते हैं कि किस्त न मिलने पर जब डूडा कार्यालय जाकर बात की तो बताया कि 15 जनवरी तक किस्त आएगी। ऐसे में फिर लौटना पड़ा।
मोहल्ला भीखमपुर निवासी बलराम बताते हैं कि डूडा में कई बार चक्कर लगा चुके हैं लेकिन पैसा कब आएगा कोई नहीं बता रहा है। ऐसे में काफी परेशान हैं।