फोटो-01-समस्या बताते बुजुर्ग दंपती और जमा किया गया पानी का बिल। संवाद
अनंतराम। नगर पंचायत बाबरपुर अजीतमल के मोहल्ला आर्यनगर में रहने वाले एक बुजुर्ग दंपती दो वर्षों से पानी के लिए परेशान हैं।
नगर पंचायत में जल कनेक्शन और मार्च 2026 तक बिल जमा होने के बावजूद उन्हें पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। इससे परेशान होकर दंपती ने अपना घर बेचने जा रहे।
मोहल्ला निवासी बुजुर्ग सतेंद्र प्रेमी और उनकी पत्नी कामिनी का कहना है कि उनके घर की टंकी की सप्लाई लगभग दो वर्षों से पूरी तरह बंद पड़ी है। वृद्धावस्था के चलते वह दोनों ही चलने-फिरने में असमर्थ हैं। ऐसे में दूर-दराज से पानी लाना उनके लिए असंभव हो गया है। उन्होंने कई बार नगर पंचायत कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं किया गया।
मजबूरी में अपना घर बेचने की सूचना लगा दी है। वह दूसरे मोहल्ले में घर बनवाकर जीवन यापन करने की तैयारी में हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा ध्यान न दिए जाने के कारण बुजुर्ग दंपती परेशान हैं।
सभासद सुशील कुमार चौधरी का कहना है कि कई बार नगर पंचायत के अधिकारियों से बात की है, अपनी तरफ से कई पानी के कैंपर भी भिजवाए हैं। इस लापरवाही की जांच कराई जानी चाहिए।
बुजुर्ग दंपती की समस्या संज्ञान में है। संबंधित जलापूर्ति लाइन की तकनीकी जांच कराई जा रही है। जल्द ही उनके घर की जल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। तब तक अस्थायी व्यवस्था के रूप में टैंकर के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाएगा।
- अखिलेश चक, प्रतिनिधि, नगर पंचायत अध्यक्ष