औरैया। बलिया में अंग्रेजी का पर्चा लीक होने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। जिलाधिकारी ने बुधवार की रात और गुरुवार को शहर सहित जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर प्रश्नपत्रों के रखने वालों स्थानों का निरीक्षण किया।
सुरक्षा की स्थितियों का जायजा लेने के साथ अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। डीएम सुनील कुमार वर्मा, एसपी अभिषेक वर्मा, डीआईओएस चंद्रशेखर मालवीय ने गुरुवार को शहर के पालिका इंटर कॉलेज, चौधरी विशंभर सिंह भारतीय इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज आदि का निरीक्षण किया।
यहां बोर्ड परीक्षा के रखे हाईस्कूल व इंटर के पेपर के रखरखाव, सीसीटीवी कैमरे की निगरानी की पड़ताल के साथ डबल लॉक की जांच की। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि रात में परीक्षा केंद्र पर्याप्त सुरक्षा निगरानी की जा रही है।
जिलाधिकारी ने कहा कि बोर्ड के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन किया जाए, इसमें किसी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसी प्रकार की शिथिलता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।