बिधूना (औरैया)। बिधूना-भर्थना मार्ग पर मंगलवार की सुबह दो बाइकों और सवारियों से भरी पिकअप एक दूसरे को बचाने में अनियंत्रित होकर पलट गई। दरोगा की बाइक पिकअप में फंस जाने कई मीटर दूर घिसटते चली गई। हादसे दो पुलिस कर्मी समेत नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चौकी इंचार्ज, सिपाही समेत पांच लोगों को सैफई रेफर किया गया है। दरोगा के हेलमेट लगाए होने के कारण सिर पर कम चोटें आईं हैं।
मंगलवार सुबह लगभग 11 बजे कुदरकोट चौकी इंचार्ज कालीचरन व सिपाही राजकुमार बाइक से कुदरकोट से बिधूना आ रहे थे, भगवानपुरा गांव के पास दूसरे बाइक सवार युवक वीरू पुत्र भूपेंद्र निवासी तिलिया कटरा थाना भर्थना के अचानक सामने आ जाने से दोनों बाइक ों पर सवार लोग अनियत्रिंत हो सड़क पर जा गिरे। उसी दौरान बिधूना से आ रही तेज रफ्तार पिकअप पुुलिस की बाइक में फंस गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे पिकअप पर बैठे बरौनाकल के बकरी व्यापारी अमित कुमार (25) पुत्र सुधर सिंह, विपिन कुमार (40) पुत्र अनोखेलाल, सुनील कुमार (36), विश्वनाथ (50) व प्रेम सिंह पुत्र विश्वनाथ भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पिकअप पर बैठे अन्य लोग भी मामूली रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना में भर्ती कराया गया है। जहां से चौकी इंचार्ज कालीचरन, सिपाही राजकुमार, वीरू, विपिन अमित को सैफई रेफर कर दिया गया है। सड़क पर पलटी पड़ी पिकअप को हटवाकर यातायात को चालू कराया जा सका। बाइक सवार दारोगा हेलमेट लगाए थे।