बाइक सवार को पहनने के लिए हेलमेट देता एनसीसी कैडेट।
- फोटो : बाइक सवार को पहनने के लिए हेलमेट देता एनसीसी कैडेट।
फफूंद। सुरक्षित सफर के लिए हेलमेट लगाना जरूरी है। इससे हादसे के साथ ही गर्मी में लू से भी बचाव मिलता है।
इसी सीख के तहत श्री रामसेवक सावित्री देवी इंटर कॉलेज केशमपुर के जूनियर व सीनियर डिवीजन के एनसीसी कैडेट्स ने वाहन चालकों को रोक कर उन्हें हेलमेट पहनने की नसीहत दी। उन्हें लू से बचाव के लिए भी जागरूक किया।
शुक्रवार को कैडेट्स ने एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट पीयूष कृष्णा और रवि दत्ता के नेतृत्व में बाबरपुर-फफूंद और दिबियापुर-फफूंद मार्ग पर अभियान चलाया। कैडेट्स ने दोपहिया वाहन सवारों को हेलमेट लगाकर और चौपहिया वाहन सवारों को सीट बेल्ट लगाकर वाहन चलाने के लिए जागरूक किया। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल से बात न करने की भी नसीहत दी।
वाहन चालकों को लू से बचाव के लिए अधिक से अधिक मात्रा में पानी, नींबू पानी, आम का पना, शिकंजी, लस्सी आदि का सेवन करने के लिए जागरूक किया। इस मौके पर चार यूपी बटालियन एनसीसी के जूनियर व सीनियर डिवीजन के कैडेट्स, समाजसेवी और डॉ. राम मनोहर लोहिया शिक्षा एवं ग्रामोद्योग सेवा संस्थान के प्रबंधक डॉ. श्याम नारायण गुप्ता मौजूद रहे।