बारातियों से कहासुनी से खफा कुछ शरारती तत्वों ने
छोले में जमालघोटा मिला दिया। छोला खाते ही 40 बारातियों को दस्त लग गए।
जानकारी होने पर लड़की के पिता ने डाक्टरों से बारातियों को दवा दिलवाई।
बारातियों की हालत सुधरी तो शादी की रस्में निभाई गईं।
जानकारी के
मुताबिक अछल्दा थाना क्षेत्र के नगरिया गांव के सुर्जन सिंह की बेटी ज्योति
की बारात तीन मई को जलापुर टुंडला से आई थी। बारात का स्वागत सुर्जन सिंह
ने धूमधाम से किया। गांव के कुछ लोगों की बारातियों से खाने को लेकर
कहासुनी हो गई।
इससे खफा कुछ शरारती तत्वों ने छोले में जमाल घोटा
मिला दिया। द्वारचार के बाद बाराती खाना खाने लगे। छोला खाते ही एक-एक कर
बराती खाने की प्लेट छोड़ खेतों की ओर भागने लगे। देखते ही देखते पंडाल में
भगदड़ सी मच गई।
लड़की के पिता सुर्जन सिंह को जब तक मामला समझ
में आता तब तक पुष्पेंद्र सिंह, विनय सिंह, राजेंद्र सिंह, अंगद सिंह,
अखिलेश कुमार, प्रिंस यादव, छोटेलाल, बनारसीदास, डीके अवस्थी, संजय त्यागी,
सत्यप्रकाश गुप्ता, विमलेश मिश्रा, आलोक सिंह, संजय सिंह, गौरव सिंह, लवली
समेत 40 बाराती दस्त का शिकार हो गए।
लड़की के पिता ने गांव के
लोगों की मदद से बीमार बारातियों को आनन-फानन में स्थानीय चिकित्सकों से
दवा दिलवाई। कुछ देर बाद बारातियों की हालत सुधरी तो वैवाहिक कार्यक्रम
संपन्न कराए गए। सुबह लड़की की विदाई हो जाने पर पिता ने राहत की सांस ली।