फफूंद। कस्बे में बृहस्पतिवार को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को लेकर मुस्लिम बाहुल्य मोहल्लों में बुधवार को खासा उत्साह और रौनक दिखाई दी। बाजारों में खरीदारी को लेकर दिनभर चहल-पहल बनी रही। बड़ी ईदगाह में सुबह साढ़े छह बजे नमाज होगी।
बकरीद की नमाज कस्बे में अलग-अलग स्थानों पर अलग-अलग समय पर अदा की जाएगी। बाईपास स्थित बड़ी ईदगाह में सुबह साढ़े छह बजे और खानकाह आस्ताना आलिया समदिया तथा बाबा का पुरवा स्थित ईदगाह में साढ़े सात बजे ईद की नमाज अदा होगी। पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पंचायत ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ईदगाहों और आसपास के क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई कराई गई है। मुख्य मार्गों पर चूना डलवाने के साथ नमाजियों के लिए पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष मोहम्मद अनवर ने बुधवार को ईदगाह और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
-
सड़कों पर न पढ़ी जाए नमाज : डीएम
औरैया। बकरीद पर्व से एक दिन पहले बुधवार को डीएम ब्रजेश कुमार व एसपी अभिषेक भारती ने फोर्स के साथ शहर के खानपुर में पैदल गश्त किया। यहां लोगों से सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील की गई। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद भी किया।
अफसरों ने सभी से शांति व आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने वहां बिजली, पानी व साफ-सफाई व्यवस्थाओं को परखा और संबंधित अधिकारी को निर्देश दिए। अधिकारियों ने धर्मगुरुओं और लोगों से अपील करते हुए कहा कि सड़कों पर नमाज अदा न की जाए, ताकि किसी भी राहगीर को कोई असुविधा न हो। (संवाद)
दो शिफ्टों में की जाएगी नमाज अदा
औरैया। बृहस्पतिवार को बकरीद की नमाज तिलक नगर स्थित ईदगाह में दो शिफ्टों में अदा कराई जाएगी। याशीन ईदगाह कमेटी ने बताया कि पहली शिफ्ट की नमाज सुबह 7 बजे हजरत गुलाम समद मियां चिश्ती अदा कराएंगे। दूसरी शिफ्ट की नमाज सुबह पौने आठ बजे होगी। काजी मुशीर नमाज अदा कराएंगे। (संवाद)